वोल्वो बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला एएसआई की मौत, महिला कांस्टेबल घायल

एस.के.एम. न्यूज सर्विस

देहरादून, 20 जुलाई। अजबपुर फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही प्राइवेट वोल्वो बस के चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए स्कूटी सवार पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी, जिसके कारण महिला एएसआई की मौके पर ही  मौत हो गई, जबकि एक महिला कांस्टेबल गम्भीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला कांस्टेबल को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की अजबपुर फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार पुलिसकर्मियों का एक्सीडेंट हो गया है। इस सूचना पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर घटना के संबंध में जानकारी करने पर जानकारी मिली कि बड़कोट उत्तरकाशी थाने में तैनात महिला एएसआई कांता थापा तथा देहरादून के कैण्ट थाने में नियुक्त महिला कांस्टेबल शकुंतला, जिनकी कावड़ मेला ड्यूटी हरिद्वार लगी थी। उक्त दोनों महिला कर्मचारी शकुंतला की स्कूटी से ड्यूटी के लिए हरिद्वार जा रहे थे। इस दौरान अजबपुर फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही प्राइवेट वोल्वो बस नंबर यूके 07 पीए 6999 के चालक ने बस को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार दोनो महिला पुलिस कर्मी सड़क पर गिर गए तथा एएसआई कान्ता थापा पत्नी स्व. बृजमोहन निवासी वसुन्धरा विहार थाना मुखानी जिला नैनीताल उम्र 58 वर्ष हाल निवासी आवासीय परिसर थाना कैन्ट का सिर बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया। जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में महिला कांस्टेबल शकुंतला को भी चोटे आई है। जिन्हें उपचार के लिए कनिष्क अस्पताल भिजवाया गया। मृतका कांता थापा के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवा गया है। घायल महिला कांस्टेबल शकुंतला का कनिष्क अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा उनके दाहिने हाथ में फैक्चर होने की संभावना व्यक्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *