द्रोण नगरी में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 12 अक्टूबर। दशहरा महोत्सव के अवसर पर राजधानी देहरादून में अनेक स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया गया। मुख्य आयोजन परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, यहां 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में कई राजनेताओँ ने भाग लिया। इस बार सबसे ऊंचे 60 फीट के रावण के पुतले का दहन लक्ष्मण चौक और प्रेमनगर में किया गया। हिंदू नेशनल स्कूल में लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसायटी की ओर से 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। वहीं रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल, पूर्वी पटेलनगर, कांवली के साधूराम स्कूल, प्रेमनगर के दशहरा ग्राउंड में  रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया। सभी स्थानों पर साय 6.05 बजे से रात्रि 8 बजे के मध्य  पुतले का दहन किया गया।

देहरादून में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के बाल युवा संघ की ओर से इस वर्ष परेड ग्राउंड के खेल मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया। इस बार रावण का कद घट गया। विगत वर्ष 131 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया था, लेकिन इस वर्ष खेल मैदान में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इससे पहले भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्री गोपीनाथ मंदिर से शुरू होकर पलटन बाजार, घंटाघर से एश्ले हॉल होते हुए परेड ग्राउंड पहुंची। रावण दहन के लिए पुतले को इस बार दिल्ली से बनवाकर मंगाया गया था। इस मौके महामंत्री हरीश डोरा, प्रेम भाटिया, भीमसेन विरमानी, रमेश खनिजों, योगेश व्यास, अमित कपूर, राजेंद्र सिंह ढिल्लों, सुनील शर्मा, भारत आहूजा, संजीव विज आदि मौजूद रहे।

वहीं लक्ष्मण चौक वैलफेयर सोसाइटी द्वारा देहरादून के हिन्दू नैशनल इंटर कालेज मैदान में विशाल व भव्य दशहरा मेले का बड़ा आयोजन किया गया। लक्ष्मण चौक वैलफेयर सोसाइटी विगत कई वर्षों से दशहरा मेला का आयोजन करता आ रहा है। इस बार लक्ष्मण चौक वैलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान मे रामलीला कला समिति की लंका दहन भी किया गया। इस बार 60 फीट ऊंचे रावण का पुतला दहन किया गया। रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का शाम को दहन किया गया। दशानन, कुम्भकरण एवं मेघनाद के बड़े-बड़े पुतलों व भव्य स्वर्ण लंका का निर्माण प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा किया गया था। इस बार आतिशबाजी का गजब का नजारा भी देखने को मिला। साथ ही मेघनाद, कुंभकर्ण, शूपर्णखा और ताड़का के पुतलों व लंका का भी निर्माण किया गया था व मेले मे विभिन्न खान-पान, झुले व खिलौने के स्टाल भी लगाये गये थे। साथ ही स्पेशल लाईट एवं साउंड इफेक्ट्स के साथ उच्च कोटी का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुये, जिसमे फेम कलाकारो ने भाग लिया। टी सीरीज व बाहर से आए फेमेस कलाकारों द्वारा विभिन्न उच्च कोटी के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। राम चरित मानस पर आधारित राम वन गमन से रावण बध तक का रूपक मोनो एक्टिंग का मंचन प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा ढाई घंटे में प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम मे आस पास के रहने वाले बच्चे व देहरादून के विभिन्न सांस्कृतिक ग्रुप ने भी अपने सुन्दर कार्यक्रम की प्रस्तुत किये।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *