नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को बहुमत मिल गया है। भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी ने 36 सीटों का बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली में बीजेपी 48 सीटों पर कमल खिलाने में कामयाब रही।  सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को भी हार मिली है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता का हृदय से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने मुझे 12 वर्षों तक उनकी सेवा करने का और बच्चों का भविष्य संवारने का अवसर दिया। अगर शिक्षा प्रणाली में सुधार करना है, तो राजनीति ही उसका जरिया है। इसलिए मैंने अपना जीवन शिक्षा को समर्पित किया है और आगे भी इसके लिए काम करता रहूँगा। सीएम आतिशी जीत गई हैं। कालकाजी विधानसभा से आप की विजयी उम्मीदवार और निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने जीत के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो किया और अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और भाजपा सांसद मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज और अन्य भाजपा नेता दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की जीत का जश्न मनाया। दिल्ली में मिले भारी बहुमत के बाद भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर प्यार दिया। दिल्ली के लोगों का यह प्यार और विश्वास हम पर कर्ज है। इसे अब दिल्ली की डबल इंजन सरकार तेजी से विकास करके चुकाएगी। आज की यह ऐतहासिक विजय सामान्य विजय नहीं है। दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया। एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई। दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई। आंडबर, अराजकता, अहंकार और आप-दा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, परिश्रम विजय को चारचांद लगाता है। सभी कार्यकर्ता विजय के हकदार हैं। सभी को विजय की बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों में उत्साह और सुकून भी है। मैंने लोगों से प्रार्थना की थी भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए। दिल्ली के हर परिवारीजन को मोदी को गारंटी पर भरोसा करने के लिए नमन करता हूं। दिल्ली के लोगों ने आपदा को बाहर कर दिया है।

नई दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने भाजपा के प्रवेश वर्मा को जीत के लिए बधाई दी। संदीप दीक्षित की मां शीला दीक्षित तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उन्होंने भी इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। संदीप ने प्रवेश वर्मा को टैग करते हुए लिखा “नई दिल्ली से आपकी शानदार जीत के लिए बधाई”, नई दिल्ली सीट से संदीप दीक्षित का सीधा मुकाबला केजरीवाल और प्रवेश वर्मा से था। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा से 4,089 वोटों से केजरीवाल चुनाव हार गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *