छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई गई विधि जानकारी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग,12 सितम्बर। विकासखंड जखोली के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज तुनेटा में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय, द्वारा चलाए जा रहे संकल्प कार्यक्रम के तहत कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, साइबर क्राइम एवं पॉक्सो एक्ट की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मालसी ने नाबालिग बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। सीएचओ तुनेटा दीपाली द्वारा छात्र-छात्राओं को एनीमिया और मेंस्ट्रुअल हाइजीन के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक सुरेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि हेल्पलाइन 24ग्7 बच्चों के लिए समर्पित है। उन्होंने हेल्पलाइन द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बाल संरक्षण इकाई से सामाजिक कार्यकर्ता पूजा भंडारी ने अनाथ, एकल अभिभावक अथवा गंभीर बीमारियों से पीड़ित अभिभावकों वाले बच्चों को दी जाने वाली स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। मिशन शक्ति से प्रियांशु द्वारा नंदा गौरा योजना एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत इग्नू के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को इंटरमीडिएट के बाद आगे पढ़ाई करवाए जाने संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *