अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदेश व्यापी रथ यात्रा व हस्ताक्षर अभियान ४ अक्टूबर से
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 27 सितंबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग आगामी चार अक्टूबर से अग्निपथ योजना के तहत भर्ती किए जाने वाले अग्निवीर योजना के बारे में प्रदेश भर में जन जागरण करने, सेना में अग्निपथ योजना बंद कर पूर्व की भांति भर्तियां शुरू करने की मांग के लिए व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाने के उद्देश्य से एक रथ यात्रा का आयोजन करेगा जिसका शुभारंभ आगामी चार अक्टूबर को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा हरि झंडी दिखा कर यात्रा को शुरू करवाएंगे। उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने बताया कि यात्रा तीन चरणों में अक्टूबर में गढ़वाल, दिसंबेमें कुमाऊं व फरवरी में हरिद्वार रुड़की व उधम सिंह नगर में जाएगी। कर्नल नेगी ने कहा कि यात्रा के दौरान पदयात्रा, सम्मेलन , गोष्ठियां व रैलियां आयोजित की जाएंगी व युवा बेरोजगारों से अग्निपथ योजना बंद करने व पुरानी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग के मांग पत्र पर हस्ताक्षर करवाए जाएंगे जो यात्रा के समापन के पश्चात पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ महामहिम राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे। प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पूर्व सैनिक विभाग की यात्रा को प्रदेश कांग्रेस व यात्रा रूट के सभी जिलों में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी व अन्य सभी विभाग पूर्ण सहयोग करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के महामंत्री श्री गोपाल गड़िया भी उपस्थित रहे।
