गोवर्धन त्यौहार का भारतीय लोक जीवन में बहुत महत्व : प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा

Oplus_16908288

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

फरीदाबाद। सराय ख्वाजा फरीदाबाद स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में गोवर्धन पूजा पर्व मनाया। विद्यालय की सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि दीपावली के पश्चात गोवर्धन पूजा की जाती है। इसे अन्नकूट के नाम से जाना जाता हैं। इस त्यौहार का भारतीय लोक जीवन में बहुत महत्व है। इस पर्व में प्रकृति के साथ मानव का सीधा सम्बन्ध दिखाई देता है। इस पर्व की अपनी मान्यता और लोककथा है। गोवर्धन पूजा में गोधन अर्थात गायों की पूजा की जाती है। शास्त्रों में बताया गया है कि गाय उसी प्रकार पवित्र होती है जैसे नदियों में गङ्गा। गाय को देवी लक्ष्मी का स्वरूप भी कहा गया है। देवी लक्ष्मी जिस प्रकार सुख समृद्धि प्रदान करती हैं उसी प्रकार गौ माता भी अपने दूध से स्वास्थ्य रूपी धन प्रदान करती हैं। इनका बछड़ा खेतों में अनाज उगाता है। गौ सम्पूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय और आदरणीय है। गौ के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए ही कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के दिन गोर्वधन की पूजा की जाती है और इसके प्रतीक के रूप में गाय की पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा के सम्बन्ध में एक लोकगाथा प्रचलित है। कथा यह है कि देवराज इन्द्र को अभिमान हो गया था। भगवान श्री कृष्ण ने कहा कि हमें तो गोर्वधन पर्वत की पूजा करनी चाहिए क्योंकि हमारी गाएं वहीं चरती हैं इस दृष्टि से गोर्वधन पर्वत ही पूजनीय है और इन्द्र तो कभी दर्शन भी नहीं देते व पूजा न करने पर क्रोधित भी होते हैं अत: ऐसे अहँकारी की पूजा नहीं करनी चाहिए। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगोली भी सजाई तथा सभी स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए गोवर्धन पूजा पर्व  पर बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *