आधुनिक खेती की मिसाल पेश की
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास सार्थक परिणाम दे रहे हैं। विकासखंड एकेश्वर के ग्राम पातल के किसान कुलदीप किशोर जोशी ने उद्यान विभाग के सहयोग से आधुनिक खेती की मिसाल पेश की है। लॉकडाउन के समय उन्होंने अपने खेतों में 200 कीवी पौधे लगाए, जिनसे इस वर्ष 5–6 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ है। दो स्टोरेज यूनिट्स की मदद से वे उत्पाद को सुरक्षित रखकर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर रहे हैं। पिछले वर्ष 1.20 लाख की आय अर्जित करने वाले कुलदीप इस बार ₹2.5 लाख तक की आय की उम्मीद कर रहे हैं। जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी ने बताया कि यह सफलता दिखाती है कि सही मार्गदर्शन और तकनीक से पहाड़ की भूमि भी उच्च मूल्य के फलों की उपज में अग्रणी बन सकती है। कुलदीप जोशी की कहानी मेहनत, दिशा और सरकारी सहयोग से आत्मनिर्भरता की सशक्त मिसाल है।
