कुमाऊँ आयुक्त ने किया ग्राम दुकान का विधिवत उद्घाटन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पिथौरागढ़। विकासखंड कनालीछीना के मातृ शक्ति स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित ग्राम दुकान का विधिवत उद्घाटन आज दीपक रावत, कुमाऊँ आयुक्त, उत्तराखण्ड सरकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह ग्राम दुकान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और नाबार्ड के सहयोग से संचालित की जाएगी। उद्घाटन अवसर पर आयुक्त महोदय ने कहा कि ग्राम दुकानों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को उचित मूल्य पर आम जनमानस तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को मजबूत बाजार मिलेगा, बल्कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। ग्राम दुकान स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि, प्रसंस्कृत एवं हस्तनिर्मित वस्तुओं के विपणन का सशक्त माध्यम बनेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा प्राप्त होगी। उक्त कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी श्री दीपक सैनी, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, राजेश बिष्ट, नाबार्ड से श्री कन्याल, खंड विकास अधिकारी कनालीछीना श्री दुर्गा राम, बलवंत जोशी, प्रतीम भट्ट, ग्रामोत्थान परियोजना की टीम, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने ग्राम दुकान की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की पहलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *