कैंट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक पार्कों का सौंदर्यीकरण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग कार्य पूर्ण कर शहर विकास की अवधारणा को सशक्त किया गया है। योजनाबद्ध ढंग से किए गए इन कार्यों से आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण विकसित हुआ है, जिससे नागरिकों की जीवनशैली और शहरी सौंदर्य में सकारात्मक परिवर्तन आया है। आज देहरादून कैंट की विधायक श्रीमती सविता कपूर जी द्वारा साईंलोक कॉलोनी (20.68 लाख), इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी (28.94 लाख) एवं माया एन्क्लेव (20.84 लाख) में किए गए पार्क सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं के अंतर्गत हरियाली विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की व्यवस्था, पैदल पथ, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था एवं बच्चों के लिए सुरक्षित खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर जी ने कहा कि पार्क शहर के “ग्रीन लंग्स” होते हैं, जो पर्यावरण संतुलन के साथ–साथ सामाजिक जीवन को भी सशक्त बनाते हैं। एमडीडीए के इन प्रयासों से क्षेत्रवासियों को योग, टहलने, खेलकूद और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुए हैं।
