September 12, 2026

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चमोली। दहेज की भूख में बहू की जान लेने वाले कलयुगी सास-ससुर को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 23 सितम्बर को सुपुली देवी, निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर द्वारा थाना थराली पर एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी ग्राम ल्वाणी तहसील देवाल थाना थराली के साथ हुआ था। मृतका की माता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए कि विवाह के उपरांत मृतका को उसके ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि घटना से पूर्व मृतका ने फोन के माध्यम से अपने मायके पक्ष को ससुराल में मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके पश्चात उसका फोन अचानक बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामवासियों के माध्यम से मृतका की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। परिजनों द्वारा आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष द्वारा मृतका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा अपराध संख्या 24/25, धारा 80(2) बीएनएस की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार द्वारा तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उक्त प्रकरण की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा संपादित की जा रही है। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, घटनास्थल का निरीक्षण एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के क्रम में आरोपित त्रिलोक सिंह पुत्र जवाहर सिंह, उम्र 62 वर्ष (ससुर) तथा श्रीमती रामेश्वरी देवी पत्नी त्रिलोक सिंह, उम्र 52 वर्ष (सास) निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। चमोली पुलिस द्वारा निष्पक्ष, त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *