March 23, 2026

राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को बताया हीरो

कोटद्वार। कोटद्वार बवाल तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले मे कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर ट्वीट कर मोहम्मद दीपक को हीरो बताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साजिश कर रहे हैं। वे नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है। संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की बीजेपी सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं। नफरत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ एक जुमला है। हमें और दीपकों की ज़रूरत है, जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताकत से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।

शहर के पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उभरा विवाद पुलिस प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया है। देहरादून और हरिद्वार से आए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दो दिन से रात के समय पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। दूसरे पक्ष से जुडे़ लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी-यूके बाॅर्डर पर शहर में आने वाले हर वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। जिलेभर से कई पुलिस अधिकारी कोटद्वार बुला लिए गए हैं। दो प्लाटून पीएसी भी तैनात कर दी गई है।बीती 26 जनवरी को कोटद्वार के बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ कपडे़ की दुकानवाले व्यापारी के समर्थकों की तीखी नोकझोंक हो गई थी। मारपीट के आरोपी युवक का वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोशित बजरंग दल के देहरादून और हरिद्वार के कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंच गए थे। उन्होंने पहले पटेल मार्ग और बाद में मालवीय उद्यान में जमकर हंगामा किया। पुलिस के अनुसार इस मामले में आई दोनों पक्षों की तहरीर के अनुसार जांच चल रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ता अपने को मोहम्मद दीपक बताने वाले जिम के संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बजरंग दल के हंगामे के बाद दूसरे पक्ष से जुडे़ बाहरी प्रांतों के लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *