नैनीताल बैंक ने दी एम्बुलेंस, जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

एस.के .एम. न्यूज सर्विस

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए द नैनीताल बैंक लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड के अंतर्गत जिला चिकित्सालय बागेश्वर को एक अत्याधुनिक एम्बुलेंस प्रदान की। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जिला अस्पताल परिसर से एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  इस अवसर पर बैंक द्वारा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रियंशु मेहता एवं सौरभ रावल को सम्मानित किया गया, जबकि राज्य स्तर पर वॉलीबॉल के नवीन गड़िया तथा बैडमिंटन की हिमांशी गड़िया एवं तनुजा गड़िया को भी सम्मान प्रदान किया गया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बैंक की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि एम्बुलेंस की उपलब्धता से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहायता होगी। उन्होंने कहा कि CSR फंड का सबसे अधिक लाभ दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में मिलता है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुमार आदित्य तिवारी ने बताया कि नई एम्बुलेंस के संचालन से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे रेफरल सेवाएं भी बेहतर होंगी। द नैनीताल बैंक लिमिटेड के सीईओ एस. के. लाल ने कहा कि बैंक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में निरंतर योगदान देता रहा है। खिलाड़ियों का सम्मान युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *