चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन जिलाधिकारी ने कालीमठ पहुंच कर किया हवन-पूजन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग, 19 मार्च। हिंदू नव संवत्सर एवं पावन चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा भक्तिभाव के साथ चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के कल्याण की प्रार्थना की गई।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा प्रातःकाल कालीमठ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माँ काली के दरबार में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर जगत जननी माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने माँ काली से जनपद रुद्रप्रयाग सहित प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं समृद्ध भविष्य की कामना की। साथ ही आगामी श्री केदारनाथ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु भी माँ से प्रार्थना की गई। कालीमठ में पूजा-अर्चना के उपरांत जिलाधिकारी श्री मिश्रा रुच्छ महादेव मंदिर पहुंचे, जो कालीमठ से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देवाधिदेव महादेव से जनपद में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना की तथा सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और कल्याण की प्रार्थना की। जिलाधिकारी द्वारा हिंदू नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत भक्तिभाव और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन पूर्ण रूप से तत्पर है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *