कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आयोजित “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रमों का सफल व प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना है। 23 मार्च को जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि सभी विकास खंडों में भी कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर आमजन को योजनाओं की जानकारी व लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रमों में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों हेतु कैम्प व उपकरण वितरण तथा महिलाओं व बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं की सहभागिता के लिए मैराथन व खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी तथा 23 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य व लोक गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग भाग लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
