दिव्यांशु जट राणा हत्याकांड में न्याय में देरी के विरोध में आशारोड़ी चौकी पर शक्ति प्रदर्शन
संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय के छात्र दिव्यांशु जट राणा की निर्मम हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने एवं न्याय में हो रही देरी के विरोध में आज आशारोड़ी चौकी, उत्तराखंड में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में एक विशाल जनसभा एवं शक्ति प्रदर्शन आयोजित किया गया। सभा को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो भारतीय किसान यूनियन मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे समाज का मुद्दा है और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। इस धरना-प्रदर्शन में “जनप्रहार” संगठन की संयोजक सुजाता पॉल एवं सहसंयोजक पंकज सिंह क्षेत्री (एडवोकेट) अपने कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहे।
सुजाता पॉल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिसके कारण दिव्यांशु को न्याय मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार से क्षमा प्रार्थना करते हुए कहा कि उत्तराखंड, जो कभी अपनी शांत वादियों और शिक्षा के लिए प्रसिद्ध था, आज माफिया गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा है।
जनप्रहार के सहसंयोजक पंकज सिंह क्षेत्री ने अपने वक्तव्य में कहा कि राज्य में लगातार हो रही घटनाएं जैसे अंकिता भंडारी प्रकरण, केदार भंडारी, एंजेल चकमा, गुंजन, ब्रिगेडियर एम.के. जोशी तथा दिव्यांशु की हत्या यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने सभी वर्गों से अपील की कि जातिवाद, क्षेत्रवाद और विभाजनकारी सोच से ऊपर उठकर सत्ता द्वारा पोषित माफिया के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें। इस अवसर पर जनप्रहार के प्रवक्ता रवींद्र सिंह गुसाईं, कोऑर्डिनेटर ललित उनियाल, विकास राज थापा सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
