भगवान श्री मद्महेश्वर की डोली ओंकारेश्वर मंदिर से हुई रवाना
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग,19 मई। भगवान श्री मद्महेश्वर की उत्सव डोली आज विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से अपने धाम के लिए श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में रवाना हुई। डोली प्रस्थान के अवसर पर पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और भगवान मद्महेश्वर के जयघोषों से गूंज उठा।.डोली यात्रा के शुभारंभ से पूर्व श्री ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण एवं तीर्थयात्री इस पावन अवसर के साक्षी बने। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान की डोली अपने प्रथम पड़ाव के लिए रवाना हुई।
डोली यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया तथा सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। भगवान श्री मद्महेश्वर की डोली यात्रा उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आस्था का परिचय देते हैं।
