June 4, 2026

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। मौसम खराबी की वजह से अल्मोड़ा जन सभा में नहीं पहुंच पाये राहुल गांधी, वापस लौटा हैलीकाप्टर। कांग्रेस उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने फोन मिलाया, तो राहुल गांधी ने फोन से करा सभा को संबोधित। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उत्तराखंड में प्रस्तावित जनसभा तक नहीं पहुँच सके।

हालांकि, उन्होंने फोन के माध्यम से वहां उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया और यह वादा भी किया कि वह शीघ्र ही पुनः उत्तराखंड आएंगे और पूरा समय निकालकर जनता से मिलेंगे, संवाद करेंगे, आपके विचार सुनेंगे तथा मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।

यहां उपस्थित विशाल जनसमूह और उत्तराखंड की जनता का उत्साह साफ़-साफ़ बता रहा है कि प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। जनता बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस के पक्ष में मजबूत जनसमर्थन दिखाई दे रहा है। वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। आज सुबह मैं पंतनगर पहुँच गया था। वहाँ से हमें हेलिकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ़ इनकार कर दिया। मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं – उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर, और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था। प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कई बार परिस्थितियाँ हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता।

मैं आपसे वादा करता हूँ कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊँगा। तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे। जल्द ही मुलाकात होगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *