संयुक्त राष्ट्र समर्थित सम्मेलन में गूंजा डॉ चिन्मय पण्ड्या का चिंतन

भगवती प्रसाद गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
हरिद्वार 14 जून। अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या इंग्लैंड में आयोजित एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। इस उच्चस्तरीय सम्मेलन का संयुक्त आयोजन विल्टन पार्क, संयुक्त राष्ट्र के फेथ फॉर राइट्स कार्यक्रम तथा इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन में विश्वभर के नीति-निर्माताओं, धार्मिक नेताओं, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की सहभागिता हो रही है। वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में शांति, सहयोग, सामाजिक समरसता तथा सामूहिक कार्रवाई के प्रभावी उपायों पर मंथन इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने वैश्विक शांति, मानवीय मूल्यों तथा विभिन्न समुदायों के मध्य सहयोग और संवाद को समय की आवश्यकता बताते हुए आध्यात्मिक चेतना एवं नैतिक मूल्यों की भूमिका पर विशेष बल दिया। उल्लेखनीय है कि विल्टन पार्क ब्रिटेन का अग्रणी बहुपक्षीय संस्थान है, जो अंतरराष्ट्रीय नीति-विमर्श को सशक्त बनाने तथा वैश्विक मुद्दों पर सार्थक संवाद को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह संस्थान विश्वभर के प्रभावशाली नेताओं, नीति-निर्माताओं एवं विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर विचारों को ठोस कार्ययोजनाओं में परिवर्तित करने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *