माँ पूर्णागिरि मेले का हुआ औपचारिक समापन
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चम्पावत, 15 जून। टनकपुर (चम्पावत) स्थिति प्रसिद्ध आस्था केंद्र माँ पूर्णागिरि धाम में आयोजित वर्ष 2026 के माँ पूर्णागिरि मेले का सोमवार को विधिवत एवं औपचारिक समापन कर दिया गया। मेले का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 27 फरवरी 2026 को किया गया था। मेले के औपचारिक समापन अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष मेले का सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि मेले की अवधि में लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया, जबकि वर्षभर में माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही है। जिलाधिकारी ने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, एसएसबी एवं पूर्णागिरि मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ पूर्णा गिरि धाम में सेवा का अवसर प्राप्त होना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना रही, जिसमें सभी विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया, जिसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र हैं। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्णागिरि क्षेत्र के समग्र विकास एवं पर्यटन संवर्धन हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जिन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बाटनागाड़ एवं किरोड़ा में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण, मार्गों के सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना तथा मंदिर सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनसे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान मेले के सफल संचालन में विशिष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों, जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पत्रकार बंधुओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर उत्साहवर्धन किया। उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया तथा माँ पूर्णागिरि से उनके उज्ज्वल भविष्य एवं प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने मेले के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस एवं सभी संबंधित विभागों की सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
