जैन बच्चों का उपनीति संस्कार समारोह संपन्न
संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, पंचायती रोचिपुरा माजरा में जैन समाज के बच्चों का उपनीति संस्कार समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 32 बालक-बालिकाओं ने सहभागिता कर जैन कुलाचार के संस्कार विधिवत ग्रहण किए। कार्यक्रम में जयपुर से पधारे डॉ. सत्येंद्र कुमार जैन ने उपनीति संस्कार की विधिवत क्रियाएं संपन्न कराईं तथा बच्चों को जैन कुलाचार के पालन का संकल्प दिलाया। समारोह का शुभारंभ उत्तराखंड जैन समाज के महामंत्री श्री लोकेश जैन, श्री राजीव जैन, श्री सुरेश चंद्र जैन तथा मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश जैन द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर मीडिया समन्वयक मधु सचिन जैन ने बताया कि बच्चों की भव्य शोभायात्रा घोड़ा-बग्गियों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा महावीर एंक्लेव से होते हुए चमन विहार मोड़ तक गई और पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। यात्रा के उपरांत बच्चों ने समाजजनों से दान संग्रह किया। इसके पश्चात शुद्ध वस्त्र धारण कर मंदिर में उपनीति संस्कार की विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं तथा बच्चों को जैन धर्म के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया गया।उपनीति संस्कार का महत् वर्तमान समय में उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक कारणों से बच्चों को घर से दूर रहना पड़ता है। ऐसे में संस्कार उनके जीवन के सुरक्षा कवच का कार्य करते हैं। जैन धर्म में उपनीति संस्कार की परंपरा का उल्लेख प्राचीन आगम ग्रंथ ‘श्री आदिपुराण’में मिलता है। यह संस्कार बालक-बालिकाओं में जिनधर्म के प्रति आस्था, श्रद्धा और धर्मनिष्ठा को सुदृढ़ करता है। उपनीति संस्कार के प्रमुख लाभ बच्चों में अनर्गल एवं अनुचित भोजन की प्रवृत्ति पर नियंत्रण होता है।धर्म के प्रति सम्मान और श्रद्धा में वृद्धि होती है।माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति आदरभाव विकसित होता है।अष्टमूल गुणों के पालन तथा सप्त व्यसनों से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।देव दर्शन, रात्रिभोजन त्याग एवं यथासंभव छने हुए जल के उपयोग जैसी श्रेष्ठ धार्मिक प्रवृत्तियां बचपन से विकसित होती हैं।बुरी संगति एवं मिथ्यात्व से बचाव होता है।बच्चों की दिनचर्या एवं व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आता है।आत्मिक शांति एवं नैतिक जीवन के मार्ग का विकास होता है। अतः प्रत्येक माता-पिता का परम कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों का उपनीति संस्कार अवश्य कराएं। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती पूनम पुंडीर अपने पति सहित उपस्थित रहीं तथा बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुखमाल चंद जैन एवं पद्मश्री डॉ. आर. के. जैन (सी.एम.आई.), देहरादून का विशेष सहयोग रहा। सम्पूर्ण आयोजन डॉ. रोहित जैन के निर्देशन में संपन्न हुआ तथा सह-संयोजक श्री राहुल जैन ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में श्री दिनेश जैन, श्री राजीव जैन, श्री सुरेश चंद जैन, श्री राहुल जैन, श्री गौरव जैन, श्री शरद जैन, श्रीमती कौशल जैन, श्रीमती कविता जैन, श्रीमती सारिका जैन, श्रीमती सिद्धि जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
