August 7, 2026

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया वीर हिमवीरों के साथ योग

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पिथौरागढ़।  “हवा ठंडी थी, रास्ते बेहद कठिन थे, मगर जब हिमालयी शिखर पर योग का आसन लगा, तो रूह को वो सुकून मिला जो शब्दों में बयां नहीं हो सकता।”  आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सुदूरवर्ती मिलम गांव में स्थित आईटीबीपी 14वीं वाहिनी परिसर में वीर हिमवीरों व स्थानीय जनता के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने योग किया। इस दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पदम् भूषण भगत सिंह कोश्यारी की भी उपस्थिति रही। इस विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी प्रयासों के कारण ही आज हमारी प्राचीन धरोहर ‘योग’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह भव्य पहचान मिली है, जिसने पूरे विश्व को एकजुट और निरोग रहने का मार्ग दिखाया है। यहाँ का दृश्य वाकई अद्भुत है, जहाँ एक तरफ बर्फ से ढकी नंदा देवी की भव्य चोटियां और मिलम ग्लेशियर का विहंगम नजारा सामने दिखाई देता है, तो वहीं दूसरी तरफ गोरी गंगा नदी की कल-कल बहती ध्वनि इस पावन वातावरण को और भी दिव्य बना देती है। प्रकृति की इस अनोखी गोद और देश के प्रहरियों के बीच योग का यह अनुभव मेरे लिए अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। इस अवसर पर आईटीबीपी कमांडेंट राम भरत सिंह कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपिका बोहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र पांगती आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *