जनपद में होगा फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा का संयुक्त निरीक्षण अभियान

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चम्पावत, 29 जून। राज्य में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों, चिकित्सालयों, होटलों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, छात्रावासों तथा सार्वजनिक उपयोग के भवनों में फायर सेफ्टी ऑडिट एवं विद्युत सुरक्षा निरीक्षण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को अपने कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी को अभियान के लिए संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अग्निशमन एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम संबंधित उपजिलाधिकारियों के समन्वय से निरीक्षण करेगी। अभियान के दौरान विद्युत वायरिंग, ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट की संभावनाओं, गैस एवं एलपीजी सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा वैध फायर एनओसी सहित सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों या प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं करने अथवा गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिनियमों के तहत कठोर विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण की विस्तृत आख्या 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *