कालीशिला में हृदयाघात से अचेत हुए श्रद्धालु का रेस्क्यू

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के कालीशिला क्षेत्र में शुक्रवार को एक श्रद्धालु के अचानक हृदयाघात से अचेत होने पर जिला प्रशासन, यूकाडा, डी.डी.आर.एफ., पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए सफल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रतिकूल मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए देहरादून भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि  शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे जिला पंचायत सदस्य कालीमठ श्रीमती सरोज राणा द्वारा सूचना दी गई कि कालीशिला में एक श्रद्धालु अचानक हृदयाघात के कारण अचेत हो गया है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रुद्रप्रयाग ने तत्काल डी.डी.आर.एफ., पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया। डी.डी.आर.एफ. ऊखीमठ की टीम अपराह्न 3:26 बजे घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन एवं आवश्यक समन्वय किया गया। इस दौरान क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण हेलीकॉप्टर को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं, दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में सुरक्षित लैंडिंग स्थल का चयन भी चुनौतीपूर्ण रहा। यूकाडा एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के समन्वित प्रयासों से अपराह्न 4:10 बजे फाटा से हेलीकॉप्टर कालीशिला के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर अग्रिम उपचार हेतु शस्त्रधारा, देहरादून भेजा गया। रेस्क्यू किए गए श्रद्धालु की पहचान पर्वत भाई (44 वर्ष), निवासी गुजरात के रूप में हुई है। घटना के दौरान डी.डी.आर.एफ. टीम एवं स्थानीय लोग लगातार मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *