विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
टिहरी, 30 जुलाई। विधानसभा 09-घनसाली (अ.जा.) के अंतर्गत ब्लॉक सभागार घनसाली में खंड शिक्षा अधिकारी, भिलंगना/डीएलएमटी (मास्टर ट्रेनर) सुमेर सिंह कैन्तुरा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को नोटिस तामीली एवं सुनवाई प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में नोटिस तामीली, दस्तावेज सत्यापन, बीएलओ ऐप पर ऑनलाइन अपलोड, सुनवाई प्रक्रिया तथा प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण की जानकारी दी गई। उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, घनसाली मंजू राजपूत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है, जिसके लिए बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण में निर्देश दिए गए कि सुनवाई की निर्धारित तिथि से कम से कम सात दिन पूर्व संबंधित मतदाता को नोटिस तामील कराया जाए तथा उसकी फोटो बीएलओ ऐप पर अपलोड की जाए। साथ ही घर-घर जाकर दस्तावेजों का सत्यापन कर सभी अभिलेख समयबद्ध ढंग से ऑनलाइन अपलोड किए जाएं। उप जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ आख्या तथ्यपरक एवं साक्ष्यों पर आधारित हो। तीन सदस्यीय समिति के हस्ताक्षरों का मिलान करने के बाद ही आख्या अपलोड की जाए, क्योंकि इसे केवल एक बार ही अपलोड किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची की विसंगतियों, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की विस्तृत जानकारी भी दी गई। आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, घनसाली हरीश जोशी, नायब तहसीलदार/अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, घनसाली महेशा शाह सहित संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
