शौर्य स्थल पर सैन्य बैंड की प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को बनाया भव्य

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 09 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल में भव्य सैन्य बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक वेटेरन, विद्यालयी छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, सेवारत सैन्यकर्मी तथा उनके परिवारजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बीईजी एवं सेंटर के सैन्य बैंड ने ‘वंदे मातरम्’, ‘सारे जहाँ से अच्छा’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ सहित विभिन्न देशभक्ति एवं मार्शल धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। सैन्य वाद्ययंत्रों से निकली स्वर लहरियों ने शौर्य स्थल के वातावरण को राष्ट्रप्रेम, गौरव और उत्साह से भर दिया। बैंड प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में सैन्य परंपरा, अनुशासन और संगीत का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की और राष्ट्र के वीर नायकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम ने दूनवासियों को सैन्य गौरव एवं राष्ट्रीय एकता का यादगार अनुभव प्रदान किया।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *