समान कार्य समान वेतन न देने पर राज्यमंत्री मकवाना ने कड़ी नाराजगी जताई

संदीप गोयल\एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष/ राज्यमंत्री (दर्जाप्राप्त) भगवत प्रसाद मकवाना ने दून मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 105 उपनल कर्मचारियों को शासनादेश अनुसार समान कार्य- समान वेतन के संबंध में कॉलेज प्रशासन को कार्यवाही के सख्त निर्देश दिए। श्री मकवाना ने इस संबंध में आयोग के निरंजनपुर स्थित कार्यालय में स्वास्थ्य निदेशालय एवं दून मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को तलब कर जवाब मांगा। अपर स्वास्थ्य निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ० रविंदर सिंह बिष्ट, संयुक्त निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. शेखर पाल एवं डॉ. विनम्र मित्तल दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित रहे। श्री मकवाना ने कहा कि सन् 2009, 2010, 2011, 2012 आदि वर्षों से दून मेडिकल कॉलेज एवं दून अस्पताल में उपनल के माध्यम से 105 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। लेकिन कॉलेज प्रशासन द्वारा इस मामले को बेवजह उलझाया जा रहा है। जबकि शासन आदेश में 01 जुलाई 2026 तक निरंतर 10 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने के स्पष्ट आदेश दिये गए हैं । अपर निदेशक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि शासन आदेश के अनुसार दून मेडिकल कॉलेज के उपनल सफाई कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का लाभ देने के कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं । डॉ. विनम्र मित्तल ने समान कार्य समान वेतन का लाभ शीघ्र दिलाने का भरोसा दिलाया. श्री मकवाना ने कॉलेज प्रचार्या डॉ. गीता जैन द्वारा इस मुद्दे को बेवजह उलझाने पर कड़ी नाराजगी जताई साथ ही उन्होंने चेताया कि यदि कर्मचारियों के साथ पक्षपात या लापरवाही हुई तो आयोग बर्दाश्त नहीं करेगा। इस अवसर पर उपनल कर्मी राहुल चुनियाल, विष्णु प्रसाद, देवेंद्र खत्री भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *