कैंट में तेज हुआ जनसंपर्क अभियान, जनता से मिले जोशी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में आज प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं पूर्व राज्य मंत्री नवीन जोशी ने जीएमएस रोड क्षेत्र में स्थानीय लोगों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की तथा कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर नवीन जोशी ने कहा कि कैंट विधानसभा में जनता बदलाव चाहती है। लंबे समय से क्षेत्र की जनता से लगातार संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, विकास और जनभागीदारी के संकल्प के साथ जनता के बीच जा रही है। नवीन जोशी ने कहा, “जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। कैंट विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में लगातार जनसंवाद कर लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना मेरा संकल्प है। आगामी चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और विकास की नई दिशा तय करने की अपील करता हूं।” उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा के हर वार्ड और हर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को और तेज किया जाएगा तथा आम जनता को कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *