जिलाधिकारी ने किया पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी गढ़वाल। स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी सेनानी, कुशल प्रशासक एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उनके संघर्ष, त्याग, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा को याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, गीत, कविता एवं लघु नाटिका के माध्यम से उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को जीवंत किया।
जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित अधिकारियों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पंत जी के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण एवं प्रशासनिक योगदान को याद किया गया। नेहरू मोंटेसरी स्कूल की छात्राओं ने लोकनृत्य एवं गीत, जीजीआईसी पौड़ी की छात्राओं ने लघु नाटिका तथा आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 की बालिका ने कविता प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंत जी का जीवन त्याग, संघर्ष, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज एवं देश के प्रति जिम्मेदारी निभाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों को महान व्यक्तित्वों के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं से पंत जी के जीवन एवं योगदान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने पर सेंट थॉमस स्कूल की आयत अंसारी एवं राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की दीपिका रावत को पुरस्कृत किया गया।
जयंती पर आयोजित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सीनियर चित्रकला में मानवी प्रथम, शादमानी द्वितीय एवं सक्षम रावत तृतीय; निबंध में प्रियांशु जाटव प्रथम, पूनम द्वितीय एवं मानसी मन्द्रवाल तृतीय तथा भाषण में निहारिका प्रथम, मानव द्वितीय एवं दीपिका रावत तृतीय रहीं। जूनियर चित्रकला में कार्तिक प्रथम, सौम्या जोशी द्वितीय एवं साफिया तृतीय तथा निबंध में किरन प्रथम, मिष्टी रावत द्वितीय एवं वंशिका डोभाल तृतीय रहीं। युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को पुरस्कृत किया गया। पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज में जुबिन नौटियाल प्रथम, अक्षत द्वितीय एवं सार्थक बडोला तृतीय; ‘माई उत्तराखण्ड माई प्राइड’ में अंजू रावत प्रथम, वंशिका नेगी द्वितीय एवं तनुजा रावत तृतीय; स्किपिंग में अरमान कुमार प्रथम, गौरी द्वितीय एवं साहिल तृतीय; युवा फोटोग्राफी में मानसी नेगी प्रथम, विकास चन्द्र द्वितीय एवं तनुजा तृतीय; फिटनेस फिनाले में मुस्कान नेगी प्रथम, अक्षत द्वितीय एवं हिमांशु रावत तृतीय तथा ‘वन मिनट वन स्किल’ में आयुष सिंह प्रथम, अंकित द्वितीय एवं सचिन सिंह तृतीय रहे।
जिलाधिकारी ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंच देते हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर भी पंत जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
