बद्रीनाथ धाम के बामणी गांव में गूंजे माँ नन्दा के जयकारे
भगवती प्रसाद गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम के समीप बसे बामणी गांव में नंदाष्टमी का पर्व सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा उत्सव है। नंदाष्टमी के दिन गांव का माहौल भक्ति और उल्लास से भर जाता है। माँ नन्दा के विशेष श्रृंगार में उच्च हिमालय से लाए गए पवित्र ब्रह्मकमल अर्पित किए जाते हैं। वहीं ढोल-दमाऊ की थाप, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के बीच ग्रामीण अपनी पुरानी परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभाते नजर आते हैं। इसी पावन अवसर पर आज जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने बामणी गांव पहुंचकर नंदाष्टमी मेले में शिरकत की और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
