महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना कर गुरु महिमा का स्मरण किया
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। गुरु भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आस्था से सराबोर देहरादून का पावन दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के 340वें महानिर्वाण पर्व का साक्षी बना। चारों ओर गूंजते गुरुवाणी के स्वर, गुरु चरणों में नतमस्तक हजारों श्रद्धालु और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज की समाधि स्थल पर शीश नवाकर अपनी श्रद्धा अर्पित की और गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
महानिर्वाण पर्व के अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना कर गुरु महिमा का स्मरण किया। उन्होंने संगत को गुरु भक्ति और गुरु कृपा का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु ही साक्षात परब्रह्म स्वरूप हैं। गुरु के ज्ञान और मार्गदर्शन से ही मनुष्य ईश्वर की प्राप्ति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। गुरु के बिना अध्यात्म का मार्ग अधूरा है और गुरु कृपा से ही शिष्य का जीवन सार्थक एवं धन्य होता है।
महानिर्वाण पर्व पर श्री झण्डे जी परिसर स्थित पवित्र सरोवर (तालाब) के किनारे श्री गुरु राम राय जी महाराज को तर्पण अर्पित किया गया। इसके पश्चात 17 पुरोहितों द्वारा चावल, दूध, शहद, गंगाजल, घी एवं शक्कर से विधिवत पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान श्री गुरु महाराज जी की महिमा का स्मरण किया गया। पूजा-अर्चना के उपरान्त संगतों को फलों का प्रसाद वितरित किया गया तथा विशेष लंगर का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सकीय टीम भी तैनात रही। टीम ने संगतों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
श्री गुरु राम राय जी महाराज को समर्पित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगत ने 142 यूनिट रक्तदान किया। श्री गुरु राम राय जी महाराज के महानिर्वाण पर्व पर श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
