वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओ का दून पुलिस ने किया खुलासा

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 20  सितंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस अपराधियों के विरुद्ध एक्शन मोड में नज़र आ रहीं हैं। पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओ का खुलासा करते हुये 01 शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया हैं। अभियुक्त के कब्जे से चोरी के 04 दो पहिया वाहन बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ़्तार अभियुक्त नशे का आदी है और सुनियोजित तरीके से क्षेत्र में रैकी कर अपने साथी के साथ वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। जब पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया उस समय वह चोरी के वाहनों को बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 18 सितंबर को उपेंद्र दत्त निवासी आनंद नगर बालावाला माजरा देहरादून द्वारा माजरा से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में दी गयी तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर में मुकदमा अपराध सख्या 657/26,  धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। वाहन चोरी की घटना के अनावरण तथा उसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा दिये गये निर्देशों पर कोतवाली पटेल नगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर उनके आस-पास तथा आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का अवलोकन करते हुए घटना में शामिल संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी/पतारसी करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थिती की जानकारी प्राप्त कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार किये जा रहे अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर वाहन चोरी की घटना में शामिल 01 अभियुक्त देवांश शर्मा पुत्र स्वर्गीय शैलेंद्र शर्मा निवासी साउथ वनस्थली बल्लूपुर थाना कैंट उम्र 26 वर्ष को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया, अभियुक्त से सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर देहरादून में अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य दो पहिया वाहनों को चोरी करना बताया गया, जिन्हें अभियुक्त की निशानदेही पर कबाड्डी पुल के पास पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों से बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह तथा उसका साथी विवेक राजपूत पुत्र हंसराज निवासी कैनाल रोड, बल्लूपुर, देहरादून एक-दूसरे को काफी समय से जानते है तथा दोनों नशा करने के आदि है, अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन दोनो के द्वारा सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिल/ स्कूटी को मौका देखकर चोरी कर लिया जाता है। अभियुक्त से बरामद वाहनो में से एक मोटरसाइकिल को उसके द्वारा महंत इंद्रेश पार्किंग के बाहर से तथा एक अन्य मोटरसाइकिल को कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया था। शेष वाहनो को अभियुक्त द्वारा अपने साथी के साथ नशे में देहरादून के अलग-अलग स्थानों से चोरी कर कबाड़ी पुल के स्थित पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा था, जिन्हें अभियुक्त मौका देखकर बेचने की फिराक में थे। अभियुक्त से बरामद 02 अन्य दो वाहनों के संबंध में जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *