चोरी की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 25 सितम्बर। कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया हैं। अभियुक्त के कब्जे से घटना में चोरी की गई 10 लाख रू. मूल्य से अधिक की ज्वैलरी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पुताई का काम करता है, काम के दौरान घर में ज्वैलरी रखी देख चोरी की योजना बनाई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 18 सितम्बर को नरेंद्र पी. गुप्ता पुत्र ओपी गुप्ता निवासी 26 नेशविला रोड, कोतवाली नगर, देहरादून द्वारा कोतवाली नगर पर तहरीर दी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से लाखों रू. मूल्य की ज्वैलरी चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पर मुकदमा अपराध सख्या 347/2026 धारा 305(ए) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के अनावरण तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा कोतवाली नगर पर टीम गठित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। गठित टीम द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना में शामिल संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी पतारसी करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थिती की जानकारी कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों के दौरान पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कृष्णा लॉज के पास से घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त विजय पुत्र किशनलाल निवासी चुक्खुवाला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र- 31 वर्ष को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से घटना में चोरी की गई लगभग 10 लाख रू. मूल्य की ज्वैलरी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा बताया कि उसके द्वारा कुछ दिन पूर्व ही वादी के मकान मालिक के घर पुताई का काम किया था, इस दौरान उसे जानकारी हो गयी थी कि वादी के घर कीमती आभूषण रखे हुए हैं। अभियुक्त दिल का मरीज है तथा उसके हार्ट का आपरेशन होना था, जिसके लिए अभियुक्त को पैसों की आवश्यकता थी। अपने पैसों के इंतजाम के लिए अभियुक्त ने उक्त घर से ज्वैलरी चोरी की योजना बनाई तथा मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। अभियुक्त द्वारा घटना मे प्राप्त ज्वैलरी में से कुछ ज्वैलरी को अपने एक रिश्तेदार को 3 लाख रूपये में बेच दिया था, जिनमे से 2 लाख, 70 हजार रूपये उसने अपने बैंक खाते में डाल दिए थे। अभियुक्त के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्यवाही की गई है। अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आये अभियुक्त के सहयोगियों की गिरफ्तारी व घटना में चोरी की गयी शेष ज्वैलरी की बरामदगी के प्रयास किये जा रहे हैं।
