भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली बंगाल की वीरांगनाओं में से थी मातंगिनी हज़ारा

संदीप गोयल\एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। मातंगिनी हाजरा भारत की एक महान भारतीय क्रांतिकारी महिला और स्वतंत्रता सेनानी थीं, जिन्हें प्यार से ‘गाँधी बुढ़ी’ कहा जाता था 1932 में इनके गाँव में एक जुलूस निकला, जिसमें कोई महिला नहीं थी। यह देखकर मातंगिनी जुलूस में सम्मिलित हो गईं।
मातंगिनी हाजरा का जन्म पश्चिम बंगाल मिदनापुर जिले के होगला ग्राम में एक अत्यन्त निर्धन परिवार में हुआ था। गरीबी के कारण 12 वर्ष की अवस्था में ही उनका विवाह ग्राम अलीनान के 62वर्षीय विधुर त्रिलोचन हाजरा से कर दिया गया। इस पर भी दुर्भाग्य उनके पीछे पड़ा रहा। छह वर्ष बाद वह निःसन्तान ही विधवा हो गयीं। पति की पहली पत्नी से उत्पन्न पुत्र उससे बहुत घृणा करता था। अतः मातंगिनी एक अलग झोपड़ी में रहकर मजदूरी से जीवनयापन करने लगीं। गाँव वालों के दुःख-सुख में सदा सहभागी रहने के कारण वे पूरे गाँव में माँ के समान पूज्य हो गयीं। 1932 में गान्धी जी के नेतृत्व में देश भर में स्वाधीनता आन्दोलन चला। वन्देमातरम् का घोष करते हुए जुलूस प्रतिदिन निकलते थे। जब ऐसा एक जुलूस मातंगिनी के घर के पास से निकला, तो उसने बंगाली परम्परा के अनुसार शंख ध्वनि से उसका स्वागत किया और जुलूस के साथ चल दी। तामलुक के कृष्णगंज बाजार में पहुँचकर एक सभा हुई। वहाँ मातंगिनी ने सबके साथ स्वाधीनता संग्राम में तन, मन, धन से संघर्ष करने की शपथ ली। मातंगिनी के सिर पर स्वाधीनता का नशा सवार हो गया। 17 जनवरी, 1933 को ‘करबन्दी आन्दोलन’ को दबाने के लिए बंगाल के तत्कालीन गर्वनर एण्डरसन तामलुक आये, तो उनके विरोध में प्रदर्शन हुआ। वीरांगना मातंगिनी हाजरा सबसे आगे काला झण्डा लिये डटी थीं। वह ब्रिटिश शासन के विरोध में नारे लगाते हुई दरबार तक पहुँच गयीं। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और छह माह का सश्रम कारावास देकर मुर्शिदाबाद जेल में बन्द कर दिया। 1935 में तामलुक क्षेत्र भीषण बाढ़ के कारण हैजा और चेचक की चपेट में आ गया। मातंगिनी अपनी जान की चिन्ता किये बिना राहत कार्य में जुट गयीं। 1942 में जब ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ ने जोर पकड़ा, तो मातंगिनी उसमें कूद पड़ीं। आठ सितम्बर को तामलुक में हुए एक प्रदर्शन में पुलिस की गोली से तीन स्वाधीनता सेनानी मारे गये। लोगों ने इसके विरोध में 29 सितम्बर को और भी बड़ी रैली निकालने का निश्चय किया। इसके लिये मातंगिनी ने गाँव-गाँव में घूमकर रैली के लिए 5,000 लोगों को तैयार किया। सब दोपहर में सरकारी डाक बंगले पर पहुँच गये। तभी पुलिस की बन्दूकें गरज उठीं। मातंगिनी एक चबूतरे पर खड़ी होकर नारे लगवा रही थीं। एक गोली उनके बायें हाथ में लगी। उन्होंने तिरंगे झण्डे को गिरने से पहले ही दूसरे हाथ में ले लिया। तभी दूसरी गोली उनके दाहिने हाथ में और तीसरी उनके माथे पर लगी। मातंगिनी की मृत देह वहीं लुढ़क गयी। इस बलिदान से पूरे क्षेत्र में इतना जोश उमड़ा कि दस दिन के अन्दर ही लोगों ने अंग्रेजों को खदेड़कर वहाँ स्वाधीन सरकार स्थापित कर दी, जिसने 21 महीने तक काम किया। दिसम्बर, 1974 में भारत की प्रधानमन्त्री इन्दिरा गान्धी ने अपने प्रवास के समय तामलुक में मांतगिनी हाजरा की मूर्ति का अनावरण कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। भारत ने 1947 में स्वतंत्रता हासिल की और कोलकाता में हाजरा रोड के लंबे विस्तार सहित कई स्कूलों, कॉलोनियों और सड़कों का नाम हाजरा के नाम पर रखा गया। स्वतंत्र भारत में कोलकाता में स्थापित महिला की पहली मूर्ति 1977 में हाजरा की थी। तामलुक में जहां उनकी हत्या हुई थी, उस स्थान पर अब एक मूर्ति खड़ी है। वर्ष 2002 में, भारत छोड़ो आंदोलन के साठ साल और तमलुक राष्ट्रीय सरकार के गठन की स्मृति में डाक टिकटों की एक श्रृंखला के हिस्से के रूप में, भारतीय डाक विभाग ने मातंगिनी हाजरा के चित्र के साथ पांच रुपये का डाक टिकट जारी किया। बर्ष 2015 में, इस प्रसिद्ध क्रांतिकारी शख्सियत के नाम पर तामलुक, पूर्वी मेदिनीपुर में शहीद मातंगिनी हाजरा गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन की स्थापना की गई थी।
मातंगिनी हज़ारा भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली बंगाल की वीरांगनाओं में से थीं। भारतीय इतिहास में उनका नाम बड़े ही मान-सम्मान के साथ लिया जाता है। मातंगिनी हज़ारा विधवा स्त्री अवश्य थीं, किंतु अवसर आने पर उन्होंने अदम्य शौर्य और साहस का परिचय दिया था। ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ के तहत ही सशस्त्र अंग्रेज़ सेना ने आन्दोलनकारियों को रुकने के लिए कहा। मातंगिनी हज़ारा ने साहस का परिचय देते हुए राष्ट्रीय ध्‍वज को अपने हाथों में ले लिया और जुलूस में सबसे आगे आ गईं। इसी समय उन पर गोलियाँ दागी गईं और इस वीरांगना ने देश के लिए अपनी कुर्बानी दी।
मातंगिनी हज़ारा का जन्म 19 अक्टूबर, 1870 ई. में पश्चिम बंगाल के मिदनापुर ज़िले में हुआ था। वे एक ग़रीब किसान की बेटी थीं। उन दिनों लड़कियों को अधिक पढ़ाया नहीं जाता था, इसलिए मातंगिनी भी निरक्षर रह गईं। उनके पिता ने बहुत छोटी उम्र मे ही उनका विवाह साठ वर्ष के एक धनी वृद्ध के साथ कर दिया था। जब मातंगिनी मात्र अठारह वर्ष की थीं, तभी वह विधवा हो गईं। अपने पति के मकान के पास एक कुटिया बनाकर वे रहने लगीं।
क्रांतिकारी गतिविधियाँ
सन 1930 के आंदोलन में जब उनके गाँव के कुछ युवकों ने भाग लिया तो मातंगिनी ने पहली बार स्वतंत्रता की चर्चा सुनी। 1932 में उनके गाँव में एक जुलूस निकला। उसमें कोई भी महिला नहीं थी। यह देखकर मातंगिनी जुलूस में सम्मिलित हो गईं। यह उनके जीवन का एक नया अध्याय था। फिर उन्होंने गाँधीजी के ‘नमक सत्याग्रह’ में भी भाग लिया। इसमें अनेक व्यक्ति गिरफ्तार हुए, किंतु मातंगिनी की वृद्धावस्था देखकर उन्हें छोड़ दिया गया। उस पर मौका मिलते ही उन्होंने तामलुक की कचहरी पर, जो पुलिस के पहरे में थी, चुपचाप जाकर तिरंगा झंडा फहरा दिया। इस पर उन्हें इतनी मार पड़ी कि मुँह से खून निकलने लगा। सन 1933 में गवर्नर को काला झंडा दिखाने पर उन्हें 6 महीने की सज़ा भोगनी पड़ी।
साहसिक महिला
इसके बाद सन 1942 में ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ के दौरान ही एक घटना घटी। 29 सितम्बर, 1942 के दिन एक बड़ा जुलूस तामलुक की कचहरी और पुलिस लाइन पर क़ब्ज़ा करने के लिए आगे बढ़ा। मातंगिनी इसमें सबसे आगे रहना चाहती थीं। किंतु पुरुषों के रहते एक महिला को संकट में डालने के लिए कोई तैयार नहीं हुआ। जैसे ही जुलूस आगे बढ़ा, अंग्रेज़ सशस्त्र सेना ने बन्दूकें तान लीं और प्रदर्शनकारियों को रुक जाने का आदेश दिया। इससे जुलूस में कुछ खलबली मच गई और लोग बिखरने लगे। ठीक इसी समय जुलूस के बीच से निकलकर मातंगिनी हज़ारा सबसे आगे आ गईं।
शहादत
मातंगिनी ने तिरंगा झंडा अपने हाथ में ले लिया। लोग उनकी ललकार सुनकर फिर से एकत्र हो गए। अंग्रेज़ी सेना ने चेतावनी दी और फिर गोली चला दी। पहली गोली मातंगिनी के पैर में लगी। जब वह फिर भी आगे बढ़ती गईं तो उनके हाथ को निशाना बनाया गया। लेकिन उन्होंने तिरंगा फिर भी नहीं छोड़ा। इस पर तीसरी गोली उनके सीने पर मारी गई और इस तरह एक अज्ञात नारी ‘भारत माता’ के चरणों मे शहीद हो गई।
परिचय और प्रारंभिक जीवन
• जन्म: 19 अक्टूबर 1870 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के तामलुक के पास होगला गांव में हुआ था।
• परिवार: वह एक बहुत ही गरीब किसान परिवार से थीं। कम उम्र में उनका विवाह त्रिलोचन हाजरा से हुआ था।
• वैधव्य: मात्र 18 वर्ष की आयु में वह विधवा हो गईं। इसके बाद उन्होंने अपना शेष जीवन समाज सेवा और महात्मा गांधी के आदर्शों को समर्पित कर दिया।
स्वतंत्रता संग्राम में योगदान
• नमक सत्याग्रह (1932): उन्होंने सविनय अवज्ञा आंदोलन और नमक मार्च में सक्रिय रूप से भाग लिया। ब्रिटिश नमक कानूनों को तोड़ने के कारण उन्हें कई बार गिरफ्तार किया गया।
• भारत छोड़ो आंदोलन (1942): 29 सितंबर 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान, 72 वर्ष की इस वृद्ध वीरांगना ने तमलुक पुलिस स्टेशन पर कब्जा करने के लिए जाने वाले 6,000 से अधिक स्वयंसेवकों के एक जुलूस का नेतृत्व किया।
शहादत
• तमलुक पुलिस स्टेशन के सामने ब्रिटिश पुलिस ने निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाईं।
• अंग्रेजों की तीन गोलियां लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, मातंगिनी हाजरा आगे बढ़ती रहीं।
• जमीन पर गिरने के बाद भी उन्होंने अपने हाथों से तिरंगा झंडा (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का झंडा) नीचे नहीं गिरने दिया और अंतिम सांस तक “वंदे मातरम” का जाप करती रहीं।
विरासत
• उनकी शहादत ने मिदनापुर में समानांतर राष्ट्रीय सरकार ‘तामलुक जातिय सरकार’ के गठन को प्रेरित किया।
• वर्ष 1977 में कोलकाता में उनकी याद में पहली बार किसी महिला की प्रतिमा स्थापित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *