October 2, 2026

उत्तराखंड संविदा श्रमिक संघ ने अपर श्रम आयुक्त का किया घेराव

संदीप गोयल /एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 01 अक्टूबर। सीआईटीयू से संबंधित उत्तराखंड संविदा श्रमिक संघ द्वारा निर्माणाधीन लखवाड़-व्यासी जलविद्युत परियोजना, ग्राम एवं पोस्ट लोहारी (कुन्ना), देहरादून में कार्यरत संविदा श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से श्रम विभाग के समक्ष ज्ञापन एवं वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही थी। लेकिन श्रम विभाग द्वारा लगातार मामले को टालने और आईआर की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाने से श्रमिकों में भारी आक्रोश पैदा हो गया। इसी के विरोध में आज उत्तराखंड संविदा श्रमिक संघ के बैनर तले श्रमिकों ने अपर श्रम आयुक्त का घेराव किया तथा अजाबपुर स्थित श्रम कार्यालय में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने श्रम विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने तथा औद्योगिक विवाद की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। संघ का कहना है कि निर्माणाधीन लखवाड़-व्यासी जलविद्युत परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के संबंध में पूर्व में भी 08 जून 2026 को श्रम विभाग को मांग पत्र दिया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में वार्ता एवं समाधान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।संघ ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर कई बार श्रम विभाग से संपर्क और पत्राचार किया गया, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण श्रमिकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान सहायक श्रम आयुक्त के माध्यम से औद्योगिक विवाद (आईआर) की तारीख निर्धारित किए जाने के बाद संघ ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि तय प्रक्रिया के माध्यम से श्रमिकों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आगे आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उत्तराखंड संविदा श्रमिक संघ ने श्रम विभाग से मांग की है कि आईआर की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए श्रमिकों की सभी लंबित मांगों का समाधान कराया जाए। इस अवसर पर  सीआईटीयू जिला महामंत्री लेखराज ,जिला सचिव अभिषेक भंडारी, जिला सचिव हिमांशु चौहान,  जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, राम सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष रविन्द्र नौडियल ,दया किशन पाठक , जितेंद्र बिजलवान ,

प्रदीप चौहान सतीश तोमर विपिन रावत बबलू प्रकाश प्रदीप पुंडीर रोहित चौहान सुरेश रावत आशीष पुंडीर गोविंद राम मनजीत चौहान जय वीर तोमर अशोक तोमर प्रेम दत्त जोशी रॉबिन कपूर भारत सिंह तोमर चेतराम शर्मा राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *