जिलाधिकारी ने किया केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां संचालित पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आस्थापथ, निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, विभिन्न मार्गों तथा धाम में स्थित अस्पतालों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुनर्निर्माण कार्यों में जुटी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी डेढ़ माह तक कार्यों में अधिकाधिक तेजी लाई जाए, ताकि अगली केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले अधिक से अधिक निर्माण कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में मौसम पुनर्निर्माण कार्यों के लिए अनुकूल है। ऐसे में उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करना प्राथमिकता है, ताकि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
