स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
बागेश्वर। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में स्थापित शिलापट्टों की त्रुटियों को दूर करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को उत्तराधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर तीन माह के भीतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में सम्मान निधि, पेंशन एवं अन्य देय लाभों से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए समाज कल्याण विभाग, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाने तथा अस्पतालों में अनुमन्य सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सड़क, शिक्षा एवं पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं, जिनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों का सम्मान बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
