30 अक्टूबर को जनपद बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर को जनपद बागेश्वर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त कहीं-कहीं भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियां दुरुस्त रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें। आकाशीय बिजली चमकने एवं तेज हवाएं चलने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत खंभों से दूर रहें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।

किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क: आपदा नियंत्रण कक्ष (DEOC) : 05963-220196, 220197, टोल फ्री नंबर: 1077, मोबाइल नंबर: 9634912152, 7536827373, 8859223535 किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *