November 11, 2026

13 नवंबर को आयोजित होंगी अग्निवीरों के सबसे बड़े बैच की पासिंग आउट परेड

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। भारतीय नौसेना का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र, आईएनएस चिल्का 13 नवंबर को भारतीय नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों के नौवें बैच की ‘पासिंग आउट परेड’ आयोजित करेगा। नौसेना स्टाफ के प्रमुख, एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन इस परेड में मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी (रिव्यूइंग ऑफिसर) होंगे। इस परेड के साथ ही 3,300 से अधिक प्रशिक्षुओं का 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा। यह INS चिल्का से पास आउट होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा। यह परेड एक गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन का प्रतीक है, जिसे युवा रंगरूटों को अनुशासित, शारीरिक रूप से फुर्तीले, मानसिक रूप से मजबूत और पेशेवर रूप से सक्षम समुद्री योद्धाओं में बदलने के लिए तैयार किया गया है। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में पढ़ाई, शारीरिक कंडीशनिंग, तैराकी, परेड प्रशिक्षण, आउटडोर गतिविधियां और कैंप शामिल हैं, जो प्रशिक्षुओं की पेशेवर यात्रा के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इसमें चरित्र निर्माण, नेतृत्व, अनुशासन, आपसी भाईचारे और टीम वर्क पर विशेष जोर दिया जाता है, साथ ही नौसेना के मूल मूल्यों – कर्तव्य, सम्मान और साहस – को भी आत्मसात कराया जाता है। पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं और उनके परिवारों के लिए गर्व और उपलब्धि का क्षण होगा, क्योंकि उनके परिवार इस प्रशिक्षण यात्रा के समापन और एक नए करियर की शुरुआत के साक्षी बनेंगे। इसके अलावा, इस अवसर पर नौसेना के पूर्व अधिकारी (वेटरन) और कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का भी अनावरण किया जाएगा। पासिंग आउट परेड का भारतीय नौसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीम) किया जाएगा, जिससे देश भर के नागरिक इस अवसर को देख सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *