केदारनाथ आपदा की आँखों देखी कहानी को पुस्तक के रूप में सामने लाए डॉ. सुधीर शैली

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की भयावह परिस्थितियों, राहत एवं चिकित्सा कार्यों और उस दौरान सामने आए मानवीय संघर्षों को एक चिकित्सक की दृष्टि से प्रस्तुत करने वाली पुस्तक ‘केदारनाथ संस्मरण-एक डॉक्टर की डायरी’ के हिंदी एवं अंग्रेजी संस्करणों का दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित समारोह में विमोचन किया गया। पुस्तक के लेखक वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर शैली हैं। यह कृति जून 2013 की केदारनाथ आपदा के दौरान उनके व्यक्तिगत अनुभवों, प्रत्यक्षदर्शी संस्मरणों और चिकित्सा एवं राहत कार्यों से जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित है। वक्ताओं ने पुस्तक के विषय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विचार व्यक्त किये और कहा कि केदारनाथ आपदा उत्तराखण्ड के इतिहास की ऐसी त्रासदी है, जिसने हजारों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया। इस आपदा से जुड़े प्रत्यक्ष अनुभवों और संस्मरणों का दस्तावेजीकरण भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डॉ. सुधा रानी पाण्डेय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता खन्ना उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री डॉ. बी. के. एस. संजय, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ, उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ साहित्यकार अनिल रतूड़ी तथा वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश कोहली शामिल रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. भारती मिश्रा ने किया। पुस्तक के लेखक डॉ. सुधीर शैली ने जून 2013 में केदारनाथ में आई आपदा के दौरान चिकित्सा एवं राहत कार्यों में अपनी भागीदारी के अनुभवों को साझा किया। एक चिकित्सक के रूप में उन्होंने उस कठिन समय में घायलों के उपचार, राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे लोगों के संघर्ष, संसाधनों की कमी और आपदा से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को बहुत निकट से देखा। आपदा के दौरान घटित घटनाओं और वहां के अनुभवों ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी। इन स्मृतियों को उन्होंने कई वर्षों तक अपने भीतर संजोए रखा और अंततः पुस्तक के रूप में पाठकों के सामने प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। ‘केदारनाथ संस्मरण-एक डॉक्टर की डायरी’ केवल एक प्राकृतिक आपदा का घटनात्मक विवरण नहीं है, बल्कि यह विपरीत परिस्थितियों में मानवीय संवेदनाओं, साहस, सेवा, चिकित्सा कर्मियों के समर्पण और जीवन के संघर्ष की एक प्रत्यक्ष गवाही भी है। इसमें एक ऐसे व्यक्ति की दृष्टि सामने आती है, जिसने आपदा को केवल समाचारों या तस्वीरों के माध्यम से नहीं देखा, बल्कि स्वयं उस कठिन परिस्थिति का हिस्सा बनकर लोगों की पीड़ा और संघर्ष को महसूस किया। पुस्तक का महत्व इस दृष्टि से भी है कि यह आपदा के दौरान चिकित्सा सेवाओं और मानवीय सहायता के प्रयासों को व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से दर्ज करती है। लेखक का प्रयास है कि उस त्रासदी से जुड़ी वास्तविक घटनाएं, अनुभव और मानवीय प्रयास आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचें तथा समय के साथ उन महत्वपूर्ण स्मृतियों का विस्मरण न हो। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के आरम्भ में केन्द्र के कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी ने उपस्थित अतिथियों एवं सभागार में मौजूद लोगों का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की भूमिका और ऐसे आयोजनों के उद्देश्य का उल्लेख करते हुए यह बात भी रेखांकित की गई कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों के संग्रह और अध्ययन तक सीमित संस्था नहीं है। इसका प्रयास समाज में ज्ञान, विचार, शोध, साहित्य और रचनात्मक संवाद की एक व्यापक संस्कृति विकसित करना है। केन्द्र विभिन्न विषयों पर पुस्तक लोकार्पण, व्याख्यान, परिचर्चा, साहित्यिक संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर लेखकों, अध्येताओं, विशेषज्ञों तथा आम पाठकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराता है। उत्तराखण्ड के इतिहास, समाज, संस्कृति, पर्यावरण और समकालीन जीवन से जुड़े अनुभवों एवं विचारों का दस्तावेजीकरण भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन पुस्तकों और लेखकों को पाठकों के बीच लाने का प्रयास किया जाता है, जिनकी रचनाएं समाज के अनुभवों, स्मृतियों और ज्ञान परंपरा को समृद्ध करती हैं। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक के प्रकाशन को वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा से जुड़े अनुभवों और चिकित्सा सेवा के महत्वपूर्ण संस्मरणों को सुरक्षित रखने की सार्थक पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी कृतियां किसी घटना के तात्कालिक विवरण से आगे बढ़कर उसके सामाजिक, मानवीय और ऐतिहासिक पक्षों को समझने में भी सहायता करती हैं। वक्ताओं ने लेखक के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुस्तक को आपदा के अनुभवों के दस्तावेजीकरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। डॉ. सुधीर शैली ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक उनके लिए केवल लेखन का प्रयास नहीं है, बल्कि उन अनुभवों और स्मृतियों को साझा करने का माध्यम है, जिन्हें वे पिछले कई वर्षों से अपने भीतर संजोए हुए थे। कार्यक्रम में  शांति प्रकाश जिज्ञासु, शैलेन्द्र नौटियाल, पुस्तकालयाध्यक्ष डी. के. पाण्डे, सुंदर सिंह बिष्ट, डॉ. नंद किशोर हटवाल, डॉ. लालता प्रसाद, अशोक महर, कर्नल डिमरी, डॉ. डी.एन. भटकोटी, कुल भूषण, जगदम्बा मैठाणी, सिद्धि डोभाल,रजनीश त्रिवेदी, नरेन्द्र सिंह, सत्य प्रकाश शर्मा, क्षमा कौशिक, आलोक सरीन सहित जगदीश बाबला कई प्रबुद्ध जनों, साहित्यकारों, लेखकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, पाठकों एवं साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *