ए डीजीपी डॉ. वी. मुरुगेशन ने किया थाना पैठाणी का निरीक्षण
संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी गढ़वाल। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा थाना पैठाणी का निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा थाना परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क एवं हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही थाना मालखाना, माल मुकदमाती संपत्ति, शस्त्र एवं एम्युनिशन तथा एफआईआर एवं विवेचना रजिस्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, समन एवं वारंटों की समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में तेजी लाने तथा नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लिया गया, जिसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही सभी कार्मिकों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
