विद्यार्थियों ने किया 68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षिक भ्रमण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
हरिद्वार 20 नवम्बर। डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून द्वारा विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एस.टी.पी. शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस एस.टी.पी. शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत निर्मित हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली, जल शोधन की आधुनिक तकनीकों तथा गंगा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में एसटीपी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि, नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत निर्मित 68 एम.एल.डी. एस.टी.पी. (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट), जगजीतपुर, हरिद्वार एक पिंक एस.टी.पी. है। इस एस.टी.पी. की परियोजना प्रबंधक इंजीनियर मीनाक्षी मित्तल हैं। इस एस.टी.पी. की एक विशेष एवं अभिनव पहल यह है कि यहाँ दिन के समय कार्यरत समस्त कर्मचारी महिलाएँ हैं। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सराहनीय एवं अभिनव प्रयोग है, जो महिलाओं की कार्यक्षमता, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शहरों एवं आवासीय क्षेत्रों से निकलने वाले गंदे पानी का वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं के माध्यम से शोधन किया जाता है। इसके अंतर्गत दूषित जल को विभिन्न चरणों से गुजारकर उसमें मौजूद ठोस अपशिष्ट, हानिकारक पदार्थों एवं प्रदूषकों को अलग किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य अपशिष्ट जल को निर्धारित मानकों के अनुरूप उपचारित करना है, ताकि बिना शोधन के गंदा पानी नदियों एवं अन्य जल स्रोतों में न पहुंचे। विद्यार्थियों को एसटीपी में स्थापित विभिन्न तकनीकी इकाइयों एवं जल शोधन की अलग-अलग प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। उन्हें बताया गया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट गंगा नदी में प्रदूषण की रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना है। इसके प्रभावी संचालन से न केवल नदी में प्रदूषित जल के प्रवाह को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है, बल्कि जल संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एसटीपी की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा तथा जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने यह भी समझा कि बढ़ती जनसंख्या और शहरीकरण के कारण उत्पन्न होने वाली पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में आधुनिक जल शोधन संयंत्रों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जल प्रदूषण, स्वच्छता, अपशिष्ट जल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों को व्यावहारिक दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्राप्त किया। जिला परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य ने बताया की इस शैक्षिक भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन से संबंधित वास्तविक परिस्थितियों और आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है। शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान एवं अनुभव को व्यापक बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। ऐसे भ्रमणों के माध्यम से विद्यार्थी कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में समझ पाते हैं और विषयों के प्रति उनकी व्यावहारिक समझ विकसित होती है। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत निर्मित जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी एसटीपी का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से ज्ञानवर्धक रहा। इससे उन्हें गंगा नदी की स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों, आधुनिक सीवेज प्रबंधन व्यवस्था तथा जल प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने बताया इस प्रकार का शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें समाज एवं पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति संवेदनशील बनाने में भी सहायक सिद्ध होता है। इस एसटीपी शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान श्री संदीप ,प्लांट इंचार्ज, सचिन कुमार, अंजली एवं डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी से शैलजा भंडारी व विद्यार्थी माजूद रहे।
