कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने भरा स्व-गणना फॉर्म
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
हल्द्वानी , 20 नवंबर। देश की जनगणना प्रक्रिया को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बुधवार, 18 नवंबर को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरकर आम नागरिकों को जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से मिलने वाली सटीक जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी बेहतर योजनाएं तैयार करती है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत नागरिकों को प्रगणक के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। कमिश्नर ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर दिए गए सभी 40 सवालों के जवाब भरकर फॉर्म सबमिट कर सकते हैं। इसके बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। जब प्रगणक घर पहुंचे, तो उन्हें केवल यह आईडी दिखानी होगी। दीपक रावत ने कहा कि स्व-गणना से समय की बचत होगी और लोग अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने जानकारी की गोपनीयता और सही विवरण दर्ज करने के महत्व पर भी जोर दिया। अंत में कमिश्नर ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं, स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।
