विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह का समापन

भगवती प्रसाद गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में आयोजित विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (वाॅव 2026) का मंगलवार को समापन हो गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम जनसमुदाय  को एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर आगाह कर उन्हें  इन दवाओं को सही तरीके से इस्तेमाल करने के बारे में विस्तृत जानकारियां उपलब्ध करवायी गयीं। साथ ही सीएमई के आयोजन के साथ ही सप्ताह भर तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरुकता सप्ताह के समापन अवसर पर संस्थान में ‘वन हेल्थ’ पर एक सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएमई का उद्घाटन संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफे मीनू सिंह ने किया। जिसमें पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि एएमआर से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मानव, पशु और पर्यावरणीय स्वास्थ्य क्षेत्रों के बीच सहयोगात्मक अनुसंधान और समन्वित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। समापन अवसर पर एक अन्य कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी स्टीवर्डशिप कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें AWaRe वर्गीकरण, रोगाणुरोधी उपयोग और प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा हुई। ‘इंटीग्रेटेड एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप चैंपियन वार्ड’ पहल के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए इमरजेंसी आईसीयू को विजेता घोषित किया गया और टीम को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को डीन एकेडमिक प्रोफे सौरभ वार्ष्णेय ने भी सम्बोधित किया।

उधर एम्स ऋषिकेश के एमबीबीएस के छात्रों द्वारा त्रिवेणीघाट में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम लोगों को जागरूक करते हुए एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल करने के बारे में लाभदायक जानकारी दी गयी। नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग करने से पहले विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह जरूर लेनी चाहिए। इस प्रस्तुति के दौरान आम लोगों ने विशेषज्ञों से एंटीबायोटिक के उपयोग पर कई सवाल भी पूछे।

समापन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिमा गुप्ता, आयोजन अध्यक्ष डॉ. पी. के. पांडा, आयोजन सचिव डॉ. वन्या सिंह, मुख्य नर्सिंग अधिकारी सुश्री अनीता रानी कंसल सहित डॉ. निधि कैले, डॉ. निशांत, डॉ. सुमन चौरसिया, डॉ. मनीषा बिष्ट, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. भूपिंदर, डॉ. रंजना, डॉ. प्रकाश तेंदुलकर, धर्मेंद्र सिंह, सुश्री सुमन, सुश्री रम्या, गिरिराज, आशुतोष सहित  अन्य संकाय सदस्य और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *