एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने समाज कल्याण, पुलिस, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नशामुक्ति के लिए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों पर ध्यान देने तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के व्यवहार एवं गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जाए। बच्चों में किसी प्रकार का असामान्य व्यवहार अथवा परिवर्तन दिखाई देने पर अभिभावकों से संवाद स्थापित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जागरूकता अभियानों से जोड़ा जाए, ताकि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित कर सकें।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नशे की रोकथाम के लिए केवल विभागीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कार्य किया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सतर्कता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को इन अभियानों से जोड़ा जाए।

बैठक में उप जिलाधिकारी श्री संजय कुमार, जसमीत कौर जी, वर्षा जोशी जी, पुलिस क्षेत्राधिकारी श्री बलवंत सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र राम कोहली सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *