स्वयं संस्था ने किया स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव पर कार्यक्रम का आयोजन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव के शुभ अवसर पर स्वयं संस्था द्वारा ग्रीन व्यू सोसाइटी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती लक्ष्मी देवी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की संचालक श्रीमती सोनाली चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि15 अगस्त 1947 को हमारा देश ब्रिटिश शासन से मुक्त होकर एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था। हमे स्वतंत्र हुए आज पूरे 75 वर्ष हो गए हैं। हमारा भारत दो सौ वर्षों तक अंग्रेजों के अधीन था। ब्रिटिश शासन के दौरान लोगों का जीवन दयनीय था। भारतीयों के साथ गुलाम जैसा व्यवहार किया जाता था और उन्हें उनसे कुछ भी कहने का कोई अधिकार नहीं था। भारतीय शासक ब्रिटिश अधिकारियों के हाथों की कठपुतली मात्र थे। ब्रिटिश शिविरों में भारतीय सैनिकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। भारत के प्रसिद्ध नेताओं एवं स्वतंत्रता सेनानियों के द्वारा आजादी के लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी गयी जिसमें मुख्य रूप से महात्मा गाँधी, भगत सिंह, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस जवाहरलाल नेहरू, दादा भाई नौरोजी, रानी लक्ष्मी बाई, मंगल पांडे एवं अन्य स्वतंत्रता सेनानियों शामिल थे। देश को आजादी दिलाने के लिए लाखों सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया और भारत को आजाद कराया। इस वर्ष हम स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मना रहें है। स्वतंत्रता दिवस हमारे अंदर देशभक्ति की भावना पैदा करता है। यह सबको एकजुट करता है और उन्हें यह महसूस कराता है कि हम एक राष्ट्र हैं जहां कई अलग अलग भाषाएं, धर्म और सांस्कृतिक मूल्य हैं। अनेकता में एकता भारत का प्रमुख विशेषता है। हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करते हैं, जहां सत्ता आम आदमी के हाथ में है। यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों और स्वतंत्रता प्राप्त करने में उनके द्वारा बलिदान किए गए जीवन की भी याद दिलाता है। आज हम जिस आज़ादी का आनंद ले रहे हैं, वह लाखों लोगों के बलिदान से हासिल हुई है। यह भारत के प्रत्येक नागरिक के अंदर देशभक्ति की भावना को भी जगाता है। हम सब का कर्तव्य है कि देश के सम्मान को बनाए के लिए नेक कार्य करें। स्वतंत्रता दिवस पर सोसाइटी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी। जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय द्वारा बहुत सराहा गया। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार एवं मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री सचिन गुप्ता, श्रीमती मीना शुक्ला, श्री शशिकान्त चौधरी,श्री चेतन स्वरूप,श्री कैलाश छिब्बर, श्री कमलकांत चमोली,श्री अनूप चौहान, श्री गोपाल ओझा,श्री डीपी सिंह, श्रीमती रानी ओझा , श्रीमती कौशल्या देवी, श्रीमती कुसुम रानी नैथानी, श्री उमेश चंद्र,श्री नितिन एवं सोसायटी के सभी प्रबुद्ध जन एवं बच्चे उपस्थित थे।