September 12, 2026

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 21 अक्टूबर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन पर आज जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण एवं केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री अजय भट्ट ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला में केदारनाथ मंदिर में दर्शन के बाद चमोली में बदरीनाथ धाम पहुंचे। पहले भोलेनाथ शिव और फिर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। उत्तराखंड की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी प्रदेश के लिए कई सौगात लेकर पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज केदारनाथ का दौरा किया और श्री केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा- अर्चना की। पारंपरिक पहाड़ी पोशाक धारण कर प्रधानमंत्री ने आंतरिक गर्भगृह में रुद्राभिषेक किया और नंदी की प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने आदि गुरु शंकराचार्य समाधि स्थल का भी दौरा किया और मंदाकिनी आस्थापथ और सरस्वती आस्थापथ में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह हिमालय पर्वत की गोद में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित भगवान शिव के पांचवें ज्योतर्लिंग श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। दो दिवसीय यात्रा पर आए मोदी यहां प्रधानमंत्री बनने के बाद छठी बार आए हैं और पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक के बाद गौरीकुंड से धाम तक बनने वाले रोप वे की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने आज श्री केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक करके सबकी सुख एवं समृद्धि की कामना की और आदिगुरु शंकराचार्य की समाधि स्थल के दर्शन भी किए। उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। मोदी ने इस अवसर पर गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रोपवे का शिलान्यास किया। 1267 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 9.7 किमी. के इस रोपवे के बनने से श्रद्धालुओं को बाबा केदार के दर्शन के लिए आसानी होगी। गौरीकुंड से श्री केदारनाथ पहुंचने में अभी श्रद्धालुओं को 7-8 घंटे लगते हैं। इस रोपवे के बन जाने से यह यात्रा सिर्फ आधा घंटे में पूरी हो जाएगी। इसके बाद पीएम मोदी ने मंदाकिनी आस्था पथ और सरस्वती आस्था पथ पर जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर श्री केदारनाथ में चल रहे अलग-अलग विकास कार्यों का जायजा भी लिया। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें अलग-अलग विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने श्री केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के साथ बैठकर उनसे मुलाकात की और उनका हौंसला बढ़ाया।

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *