Blog

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार द्वारा ब्लॉक दुग्गड़ा में एक प्रेस वार्ता में शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोज़गारी एवं युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जिला स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि आज देश का युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं का निरस्त होना, वर्षों तक भर्ती प्रक्रियाओं का लंबित रहना तथा युवाओं में बढ़ती निराशा केंद्र सरकार की नीतियों और व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए जिला स्तर पर प्रेस वार्ता, जन-प्रस्तुति एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया के समक्ष वर्तमान शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति रखी जाएगी तथा युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विकास नेगी ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की रक्षा का संकल्प है। जिला कांग्रेस कमेटी इस अभियान के माध्यम से शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेगी। उन्होंने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों एवं जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी साबर सिंह नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष  रविंद्र रावत, अनिल लतुड़ी, संजय तोमर राजीव जखमोला , पूर्व ब्लॉक प्रमुख रुचि कैंतुरा , वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. कीर्ति सिंह बिष्ट,सुबोध नेगी, हरेंद्र रावत, राकेश रावत ,कुंदन सिंह ,महावीर सिंह, लक्ष्मण सिंह रावत सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।