सुचारु रूप से चल रही केदारनाथ धाम पैदल यात्रा

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। कुबेर गधेरा ग्लेशियर व भैरव गधेरा ग्लेशियर के पास स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के जवान यात्रियों को सुरक्षित तरीके से पार करवा रहे हैं। कुबेर गधेरे के पास आये ग्लेशियर को हटाये जाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। फिसलन वाले स्थलों को खुरच-खुरच कर आसानी से चलने योग्य बनाया जा रहा है। यात्रियों को नियंत्रित ढंग से यहां पर पार कराया जा रहा है, व यात्रियों की सुविधा हेतु पर्याप्त रस्से भी लगाये गये हैं। इन दोनों स्थलों पर यात्रियों की सहायता के साथ ही स्वयं की सुरक्षा का ध्यान दिये जाने के निर्देश निर्गत किये गये हैं। यात्रा की माॅनीटरिंग स्वयं जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा की जा रही है, व अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं। मौसम को देखते हुए आज शुक्रवार सुबह 6 बजे तक सोनप्रयाग से 2806 यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए। जबकि 302 यात्री धाम से वापस सोनप्रयाग लौटे।