सडकों के रेस्टोरेशन का कार्य प्राथमिकता से किया जाए पूर्ण

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

सहारनपुर, 26 फरवरी। सांसद कैराना प्रदीप चैधरी एवं जिलाधिकारी डाॅ0 दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल-हर घर जल योजना की समीक्षा हेतु जनपद में किये गये कार्यों की प्रगति के संबंध बैठक आहूत की गयी। सांसद प्रदीप चैधरी ने हर घर जल योजना के तहत बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि योजना इस तरह से बनाई जाए जिससे जन सामान्य को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न आने पाए। उन्होने कहा कि जो सडकें टूटी हुई है उनके मरम्मत का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करवाया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होने अवशेष गांवों में भूमि की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। डाॅ0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि शिथिल प्रगति पर कंपनियां बहाना ना बनाएं, बल्कि बेहतर कार्य योजना बनाकर निर्धारित अवधि में लक्षित कार्य पूरा करें अन्यथा की स्थिति में एफआईआर के लिए तैयार रहें। उन्होने कहा कि हर घर नल-हर घर जल केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहित में महत्वाकांक्षी एवं शीर्ष प्राथमिकता की योजना है, इस योजना के धरातल पर क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत निर्माण कार्य के लिए चिन्हित विवादित भूमि को यथाशीघ्र निस्तारित करते हुए उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। डीएफओ को निर्देश दिए कि जिन चिन्हित स्थलों पर वृक्ष लगे हुए है उसकी अनापत्ति प्रमाण पत्र यथाशीघ्र उपलब्ध करवाएं ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डाॅ. अर्चना द्विवेदी, एसपी यातायात श्री सिद्धार्थ वर्मा, ज्वाईट मजिस्ट्रेट श्री उत्सव आनंद, अधिशासी अभियन्ता जल निगम श्री योगेश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण तथा कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *