November 11, 2026

भू- माफियाओं पर एसएसपी दून का कसता शिकंजा

देहरादून, 01 फरवरी। भू- माफियाओं पर एसएसपी देहरादून का  शिकंजा कसता हुआ नज़र आ रहा है, एनआरआई महिला की करोड़ो की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जे का प्रयास करने वाले शेरखान गिरोह के विरुद्ध एसएसपी दून का एक्शन जारी है। सहारनपुर के शेरखान गिरोह के शातिर सदस्य मो. अकबर को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में शेरखान गैंग के मुख्य सदस्य सोनू मूंछ सहित 04 अभियुक्तों को दून पुलिस सलाखों के पीछे भेज चुकी है। एसएसपी के निर्देशन में गिरोह के सरगना शेरखान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश में दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसकी भी  गिरफ्तारी होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 21 नवंबर 2024 श्रीमती सुमन देवी निवासी किशनपुर थाना राजपुर देहरादून द्वारा थाना राजपुर पर तहरीर दी कि उनकी सहेली श्रीमती रितु मेहता द्वारा किशनपुर स्थित उनके जमीन व बंगले की देखरेख हेतु उनको रखा गया था। शेरखान नाम के एक व्यक्ति द्वारा अपने साथियों के साथ उक्त जमीन व बंगले के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर शेरखान व अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। जमीनी धोखाधड़ी में लिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु एसएसपी देहरादून सभी थाना प्रभारी को धोखाधड़ी से संबंधित सभी विवेचनाओं का जल्दी निस्तारण व अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के क्रम में दर्ज अभियोग में विवेचक द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही हेतु रजिस्ट्री कार्यालय देहरादून, राजस्व विभाग व विभिन्न बैंकों से विवेचना से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए गए तथा प्राप्त दस्तावेजों से अभियोग से संबंधित साक्ष्य संकलित करते हुए धोखाधड़ी में शामिल गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी हेतु सुराग रस्सी -पतारसी करते हुए जानकारी एकत्रित की गई तथा मुखबिर की सूचना पर उपरोक्त मुकदमे से संबंधित गिरोह के 04 अभियुक्तों विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ, विनोद कुमार उर्फ केडी, महेश चौहान व प्रमोद गिरी को 27 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ व साक्ष्य संकलन के आधार पर धोखाधड़ी में सहरानपुर निवासी एक अभियुक्त अकबर का नाम प्रकाश में आया था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा सुराग रस्सी पत्ता रस्सी करते हुए आज अभियुक्त मो. अकबर पुत्र अब्दुल वहीद निवासी मकान नंबर 131 नूर बस्ती, थाना सिटी कोतवाली जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश उम्र 36 वर्ष को मुखबिर की सूचना पर जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वे सभी शेरखान के लिए काम करते है, जिसके द्वारा जमीनों पर कब्जा करने के लिए एक गिरोह बना रखा है, जिसमे करीब 10-12 लोग शामिल है। उनके गिरोह द्वारा शहर में खाली जमीन व मकान, जिस पर कोई नहीं रहता है, की रैकी उक्त जमीन व मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार किये जाते है , तथा उक्त फर्जी दस्तावेजो को आधार बनाकर उक्त जमीन व मकान पर कब्जा किया जाता हैं। उनके द्वारा पूर्व में शहर में कई जमीन व मकानो में इसी तरीके से कब्जा किया गया है। अभियुक्त से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा ऐसी सभी जमीनों तथा मकानों, जिनमे गिरोह द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा किया गया है, उनकी भी जांच की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *